रविवार को सातताल तथा भीमताल क्षेत्र में व्यापक जन जागरूकता एवं स्वच्छता का कार्यक्रम आयोजित किया गया

भीमताल l उच्च न्यायालय के दिए गए निर्देशों के अनुसार रविवार को सातताल तथा भीमताल क्षेत्र में व्यापक जन जागरूकता एवं स्वच्छता का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त कार्यक्रम जिला एवं अर्थ सांख्यिकी अधिकारी डा मुकेश नेगी के नेतृत्व में प्रातः 8:00 से 12:00 बजे तक आयोजित किया गया। जिसके अंतर्गत सातताल एवं भीमताल से लगभग दर्जनभर यूटिलिटी वाहन भरकर प्लास्टिक एवं कूड़ा करकट निकाला गया। अभियान में शामिल सह नोडल अधिकारी एवं सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी असलम अली ने कहा कि सातताल जैसी रमणीक एवं सुंदर स्थान पर इतना अधिक कूड़ा मिलना एक गहन चिंता का विषय है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्वच्छ एवं साफ बनाने के लिए पर्यावरण मित्रो की एक अहम भूमिका है तथा वे इस कार्यक्रम के असली नायक है उनका मान सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का एक अहम दायित्व होना चाहिए। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे नोडल अधिकारी जिला एवं अर्थ संख्या अधिकारी डा मुकेश नेगी ने कहा कि स्वच्छता एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने भीमताल क्षेत्र में गंदगी फैला रहे कुछ दुकानदारों को जमकर फटकारा एवं चालान करने का आदेश दल में शामिल अधिशासी अधिकारी भीमताल को दिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष दीपक चनौतियां ने कहा कि वे तथा उनकी टीम भीमताल नगर पालिका को प्रदेश की स्वच्छ एवं साफ पालिका बनाने में हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। जन जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम के पश्चात एक समारोह में पर्यावरण मित्र,एन सी सी कैडेट स्वयं सहायता समूह आगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का अभिनंदन भी किया गया। कार्य क्रम का संचालन पालिका सदस्य गोपाल सिंह गंगोला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला अल्प बचत अधिकारी पल्लवी बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपेंद्र चौधरी, सहायक उद्यान निदेशक नरेंद्र सिंह , अधिशासी अधिकारी पी एस बिष्ट आदि लोग सम्मिलित थे l












