शेरवुड के जंगल में कचरे का अंबार, क्लीन नैनीताल ने हटाया 150 किलो से अधिक कचरा।पुराने जूते-चप्पल, स्कूल यूनिफॉर्म, कपड़े और प्लास्टिक कचरे से पटा मिला वन क्षेत्र

नैनीताल । नगर के वन क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से टीम क्लीन नैनीताल ने आज शेरवुड कॉलेज के पीछे स्थित वन क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।
स्वच्छता अभियान के दौरान वन क्षेत्र में पुराने जूते-चप्पल, स्कूल एवं स्पोर्ट्स शूज, यूनिफॉर्म, पुराने कपड़े, सैंडल सहित बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा मिला। हैरानी की बात यह रही कि टिफ़िन टॉप को जाने वाली नेचर ट्रेल में जगह-जगह कूड़ेदान उपलब्ध होने के बावजूद जंगल की झाड़ियों और रास्तों पर कचरा बिखरा मिला।
टीम के संस्थापक आशु निगम ने पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों से प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने और जंगलों में कूड़ा न फेंकने की अपील की।
क्लीन नैनीताल के प्रशांत तिवारी ने बताया कि आगामी नंदा देवी महोत्सव के दौरान हमारी संस्था जिला प्रशासन, नगर पालिका एवं विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छता और उचित कूड़ा निस्तारण के प्रति जागरूक करना है।
अभियान में कोविद भट्ट, रोजी, राशि, अलीशा खान, समरीन फैसल, निहारिका चौबे, कामिनी, श्रीकांत, शिखा रावत, दीक्षा खोलिया, आशु निगम, यश गर्ग, पलक खोलिया, नितिन जॉन, रोहित, समद, शिवानी चंद्रा, दीपक फर्त्याल, ज्योति फर्त्याल, दीपक, मोहित पांडे एवं लघिमा ने श्रमदान किया।












