मां नयना देवी मंदिर परिसर में चल रहे देवी भागवत में तीसरे दिन भी उमड़ी भक्तजनों की भीड़

नैनीताल l मंगलवार ज्येष्ठ शुक्ल चतुर्थी को श्री माँ नयना देवी मन्दिर परिसर में चल रही श्री मद भागवत कथा का तीसरा दिन था। व्यास गद्दी पर विराजमान सुप्रसिद्ध विद्वान आचार्य भुवन चन्द्र त्रिपाठी ने कथा आगे बढ़ाते हुए माता भगवती के मार्गदर्शन में भगवान विष्णु द्वारा मधु-कैटभ दैत्यों के वध का प्रसंग पूरा किया और प्रसंगवश राजा सीकरध्वज को पत्नी द्वारा ज्ञान प्राप्त किये जाने का प्रकरण भी सुनाया।
प्रतिदिन सैकड़ो श्रद्धालु श्री मद भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। किन्तु इससे अधिक लोकप्रिय यह कथा ऑनलाइन हो रही है, जहाँ इस कथा ने सारे कीर्तिमान तोड़ दिये हैं। मन्दिर सलाहकार समिति के सदस्य राजीव दुबे के तकनीकी निर्देशन में ‘नयना देवी मन्दिर’ के फेसबुक पेज पर हो रहे कथा के लाइव प्रसारण को अब तक बीस लाख लोग देख चुके हैं।
आज प्रातः की नियमित पंचदेव पूजा और देवी पूजन में स्थायी रूप से बैठे मनोज चौधरी के साथ दिनेश चौधरी ने यजमान के रूप में भागीदारी की। भागवत कथा 28 मई तक चलेगी। 29 मई को मन्दिर के 140वें स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के साथ कथा का समापन होगा।












