बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले 30 लोगों के किए चालान

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद पुलिस ने बिना सत्यापन किरायेदार व कर्मचारी रखने और रहने वालों के खिलाफ अभियान चला दिया ‌है। मल्लीताल कोतवाली व तल्लीताल थाने में दो-दो टीमों का गठन कर बृहद स्तर पर अभियान चलाया। जिसके चलते बिना सत्यापन किराएदार व कर्मचारी रखने वाले 30 भवन स्वामियों व होटल संचालकों के खिलाफ दस-दस हजार की चालानी कार्रवाई के साथ ही 28 लोगाें के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की है।
शनिवार को नैनीताल के मल्लीताल व तल्लीताल क्षेत्र में टीमें गठित कर सुबह से शाम तक किराएदार सत्यापन अभियान चलाया गया। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की दो टीमों ने रूकुट कंपाउंड, धूपकोठी, मालरोड, पिलग्रीम लॉज समेत अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाया। ईधर तल्लीताल थाना पुलिस की टीम ने भी तल्लीताल, मेविला कंपाउंड, जिला पंचायत रोड, बूचड़खाना, जू रोड क्षेत्र में घर-घर जाकर अभियान चलाया। जिसमें भवनों के किरायेदारों के दस्तावेज जांचे गए। अभियान के दौरान नैनीताल में 320 बाहरी लोगों के सत्खपन किए गए।
सीओ विभा दीक्षित ने बताया कि मल्लीताल में कोतवाल धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में 15 लोगों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट में दस-दस हजार, दस के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट की कार्रवाई की गई। साथ ही 120 लोगों के सत्यापन भी किये गए। वहीं तल्लीताल में एसओ रोहिताश सिंह सागर के नेतृत्व में बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर 15 भवन स्वामियों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट में दस-दस हजार और बिना सत्यापन कारोबार कर रहे 18 लोगों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई। 250 लोगों का सत्यापन किया गया। अभियान में एसएसआई दीपक बिष्ट, एसआई अविनाश मौर्य, एसआई पूजा मेहरा, शाहिद अली व अमित गहलोत शामिल थे।