संचालन से पहले ही बीडी पांडे अस्पताल के प्राइवेट वार्ड की टपकने लगी छत

नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में मरीजों को और सुविधा देने के लिए प्राइवेट वार्ड का निर्माण कर दिया गया है। इधर प्राइवेट वार्ड के संचालन की तैयारी चल रही है। लेकिन उससे पहले ही बारिश में वार्ड की छत से पानी अंदर टपकने लगा है। ऐसे में कार्यदायी संस्था द्वारा किए गए कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं दीवारों पर दरारे भी उभर आई हैं। अब अस्पताल प्रबंधन ने कार्यदायी संस्था से पत्राचार कर छत की मरम्मत करने की बात कही है।
बता दे कि बीडी पांडे अस्पताल में पुराने प्राइवेट वार्ड को ध्वस्त कर प्राइवेट वार्ड का निर्माण किया गया है। 2020 में तत्कालीन डीएम ने 30 लाख बजट की स्वीकृति देते हुए वार्डो का निर्माण शुरू कराया था। दो वर्ष तक चले कार्य के बाद सात बैड के प्राइवेट वार्ड भवन का निर्माण कर लिया गया है। वार्ड संचालन के लिए बैड व उपकरण जुटा लिए हैं। इधर अस्पताल प्रबंधन प्राइवेट वार्ड के संचालन की व्यवस्थाओं में जुटा है लेकिन उससे पहले ही वार्ड का भवन जवाब देने लगा है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद वार्ड की छत टपकने लगी। साथ ही दीवारों पर दरारें उभर आई हैं। जिस कारण संचालन नहीं होने से मरीज भी इसका लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं। वहीं खामियों के कारण निर्माणकार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे है। मामले में पीएमएस डॉ एलएमएस रावत ने बताया कि वार्ड में लीकेज और दरार संबंधित समस्या आई हैं। कार्यदायी संस्था को अवगत करा दिया गया है। जिसे जल्द दुरुस्त कर वार्ड मरीजों के लिए खोल दिया जाएगा।












