कुमाऊँ विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव हेतु 50 प्रतिशत पद छात्राओं के लिए आरक्षित
नैनीताल, 18 सितम्बर 2026। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल तथा उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के छात्रसंघ चुनावों में छात्राओं के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए 50 प्रतिशत पद छात्राओं हेतु आरक्षित किए जाएंगे।
उत्तराखण्ड शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पत्रांक 432988/XXIV-C-1/2026-ई-108449/12(12)2026, दिनांक 17 सितम्बर 2026 के माध्यम से ऐसे राजकीय विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों, जहां छात्राओं का प्रतिशत 66 प्रतिशत से अधिक है, वहां छात्रसंघ चुनावों में छात्राओं के प्रतिनिधित्व हेतु 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के उक्त निर्देशों के क्रम में कुमाऊँ विश्वविद्यालय की कार्य परिषद द्वारा दिनांक 18 सितम्बर 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अनुसार विश्वविद्यालय परिसर एवं उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026–27 के छात्रसंघ चुनाव 29 सितम्बर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्पन्न कराए जाएंगे।
छात्रसंघ चुनाव में निम्नलिखित पदों का निर्वाचन किया जाएगा—
- अध्यक्ष
- उपाध्यक्ष (छात्र)
- उपाध्यक्ष (छात्राओं हेतु आरक्षित)
- सचिव
- संयुक्त सचिव (छात्राओं हेतु आरक्षित)
- कोषाध्यक्ष (छात्राओं हेतु आरक्षित)
- सांस्कृतिक सचिव
विश्वविद्यालय द्वारा गठित समिति की संस्तुति के आधार पर छात्रसंघ संविधान की समीक्षा की गई है। साथ ही, आगामी शैक्षणिक सत्र 2027–28 से शासनादेश के अनुरूप छात्रसंघ निर्वाचन में छात्राओं के प्रतिनिधित्व हेतु रोस्टर व्यवस्था स्थापित करने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित किए जाने की भी संस्तुति की गई है।
कुलसचिव प्रो. रजनीश पाण्डे ने बताया कि विश्वविद्यालय शासन के निर्देशों के अनुरूप छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं समय-सारणी के अनुसार सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही कर रहा है।












