नये ट्रेड लाइसेंस शुल्क का विरोध होगा
नैनीताल। माँ नयना देवी व्यापार मंडल कार्यकारिणी ने शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया। जिसमे सभी व्यापारियों ने नैनीताल नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित ट्रेड लाइसेंस शुल्क को गजट नोटिफिकेशन में भेजे जाने के साथ ही बिना वार्ता के इस प्रकार का कदम उठाये जाने का कड़ा विरोध किया।
वहीं यह निर्णय लिया गया कि यदि इस प्रकार के किसी भी नये ट्रेड लाइसेंस शुल्क को लागू किया जाता है तो माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल इस पर क़ानूनी राय ले कर न्यायालय की शरण लेने के लिए मजबूर होगा।
माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा की नैनीताल नगर में जो शुल्क पहले से ही पालिका द्वारा लिए जा रहें हैं उनके एवज़ में नगर की साफ़ सफ़ाई और अन्य व्यवस्थाएँ जग ज़ाहिर है। इसके बावजूद इस प्रकार के शुल्क लाना पूर्ण तरह से अनैतिक हैं। जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कहा की ट्रेड लाइसेंस शुल्क सम्बंध मामले में साथी व्यापार मंडल मल्लीताल द्वारा विरोध और आने वाले समय में इस व्यवस्था को अगर लागू किया गया तो किसी भी प्रकार के आंदोलन में पूरा सहयोग देने का और कंधे से कंधा मिला कर उनका इस विरोध में साथ दिया जाएगा।












