नगर पालिका ने 19 कूड़ा वाहनों पर लगाया जीपीएस, सफाई व्यवस्था पर रखी जाएगी निगरानी
नैनीताल। नगर पालिका ने कूड़ा उठाने के लिए लगाए गए वाहनों के दुरुपयोग और कर्मचारियों झूठ का पर्दाफाश हो सकेगा। इसके लिए पालिका के 19 वाहनों में जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) लगा दिया गया है। इसी के जरिए पालिका अफसर साफ सफाई के साथ ही कूड़ा वाहनों की भी निगरानी करेंगे।
नगरीय क्षेत्रों में साफ सफाई का जिम्मा निकायों का होता है। लिहाजा, सफाई कर्मी घरों में जाकर कूड़ा एकत्र करते हैं। इसके अलावा कुछ लोग अपने घरों का कूड़ा सुबह के समय ही डलाव घर पर डाल आते हैं, जहां से निकाय के वाहन आकर कूड़ा उठाकर ले जाते हैं। नैनीताल का कूड़ा हल्द्वानी के ट्रेंचिंग ग्राउंड में डालने के लिए भी इन्हीं कूड़ा वाहनों का प्रयोग किया जाता है जो नैनीताल से हल्द्वानी मार्ग तक प्रतिष्ठानों और घरों का कूड़ा उठाते हुए चलते हैं। इसके लिए नैनीताल नगर पालिका में 19 वाहन लगे हैं। कई बार ऐसा होता है कि कर्मचारी वाहन तो लेकर निकल जाते हैं, लेकिन उसका दूसरे कार्यों में उपयोग करने लगते हैं, जिससे पालिका को नुकसान होता है और साफ- सफाई भी प्रभावित होती है।
यही वजह है जो नगर पालिका की ओर से सफाई के कार्य में लगे सभी वाहनों में जीपीएस लगाने की योजना बनाई गई, इसके बाद 19 वाहनों में जीपीएस लगा दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि इससे अब पालिका अफसर मोबाइल फोन पर ही वाहनों की वर्तमान स्थिति, दिनभर के कार्य की रिपोर्ट देेखी जा सकती है, जिससे यह पता लग जाएगा कि कौन से वाहन ने कहां का कूड़ा उठाया है। इस बीच यदि कोई वाहन अपने निर्धारित रूट से अलग जाता है तो सफाई निरीक्षक तुरंत फोन कर जानकारी लेंगे। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा बेहतर तरीके से होगी और उसकी निगरानी भी होने लगेगी।











