सितम्बर तक का खाद्यान्न गोदाम से उठान करने हेतु निर्देशित किया

नैनीताल l वर्षा काल के दृष्टिगत जहां बरसात के दिनों में मार्ग बंद होने की संभावना बनी रहती है इन एरिया को चिन्हित कर तत्परता के साथ महरागांव गोदाम से माह सितम्बर तक का खाद्यान्न निर्गत किया जा रहा है l जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर सप्लाई इंस्पेक्टर और केन्द्र प्रभारी नैनीताल द्वारा राजकीय खाद्यान्न भंडार मेहरागांव से सम्बद्ध संवेदनशील एरिया के उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित कर सभी से एक सप्ताह के भीतर माह सितम्बर तक का खाद्यान्न गोदाम से उठान करने हेतु निर्देशित किया l सोमवार को मेहरागांव गोदाम से तल्ला रामगढ़, पीछलताना, शीतला, प्युरा, सून, मलुआताल आदि के उचित दर विक्रेताओ को खाद्यान्न निर्गत किया गया l बिष्ट द्वारा जानकारी देते हुए कहा कि पर्याप्त मात्रा में गोदाम में खाद्यान्न का भंडारण किया जा रहा है l pराजकीय खाद्यान्न भंडार मेहरागांव की भंडारण क्षमता 1500 एम टी है l इस गोदाम से विकास खंड भीमताल और रामगढ़ के कुल 69 उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से लाभार्थियों हेतु खाद्यान्न की आपूर्ति की जाती है l माह मई हेतु गोदाम से 69 उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न निर्गत कर दिया गया है l केंद्र प्रभारी/पूर्ति निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए कहा कि विभाग में वर्तमान में मुख्य रूप से दो योजनाएं संचालित हो रही हैं एक है राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और दूसरी है राज्य खाद्य योजना l राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में दो प्रकार के राशनकार्ड प्रचलन में हैं एक है प्राथमिक परिवार जो सफेद रंग का है और दूसरा है अंत्योदय अन्न योजना जो गुलाबी रंग का है l राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में लाभार्थियों को माह जनवरी 2023 से उन्हें नियमित वितरित किए जा रहे खाद्यान्न को निशुल्क वितरित किया जा रहा है l राज्य खाद्य योजना में 11 रुपया प्रति किलो के अनुसार एक राशन कार्ड पर 7 किलो 500 ग्राम चावल वितरित किया जा रहा है l शासनादेश के अनुसार उचित दर विक्रेताओं द्वारा माह जून का खाद्यान्न गोदाम से 31 मई तक की अवधि में उठान करना अनिवार्य है जिससे माह की 1 तारीख से वे राशनकार्ड धारकों को वितरित कर सकें l अन्त्योदय राशनकार्ड धारकों को खाद्यान्न के अतिरिक्त माह में प्रत्येक राशन कार्ड पर 1 किलो चीनी 13 रुपया 50 पैसा के अनुसार उपलब्ध कराई जाती है l गोदाम में माह अक्टूबर से माह मार्च तक की चीनी अंत्योदय कार्ड धारकों के लिए प्राप्त हुई थी जिसे वितरित कर दिया गया है l उन्होंने यह जानकारी भी दी कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय परिवार हेतु a राशन कार्ड पर एक किलो मंडुवा (रागी) भी निःशुल्क वितरित किया जा रहा है l यह मात्रा इन परिवारों के कार्ड से एक कार्ड पर एक किलो चावल कम कर वितरित की जा रही है l उन्होंने संवेदन शील एरिया के सभी राशनकार्ड धारकों से भी अपील की कि वे संबंधित उचित दर विक्रेता की दुकान से माह सितम्बर तक का खाद्यान्न प्राप्त कर लें l












