यूथ कैम्प में युवाओं ने सीखी अभिनय की बारीकियां



देहरादून l यूथ कैम्प के दूसरे दिन की शुरुआत पूरे ऊर्जा और उत्साह के साथ हुई .बेहतर ढंग से देखने, सुनने, लिखने, सोचने और उसे अभिनय, शब्दों, फोटोग्राफी सहित तमाम रचनात्मक तरह से अभियक्त करने के तरीकों को सीखने, समझने के लिए देहरादून के युवाओं के साथ दूसरे दिन के यूथ कैम्प का आगाज भी कल की ही भांति अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन तरला आमवाला परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल में दो स्लॉट्स में हुआ .
यूथ कैम्प के दूसरे दिन दून विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर डॉ.अजीत पंवार के निर्देशन में पहले स्लॉट थियेटर वर्कशॉप में युवाओं ने विभिन्न प्रकार के भावों की शारीरिक भंगिमाओं द्वारा प्रदर्शन करते हुए अभिनय की बारीकियां सीखने की शुरुआत की. डॉ.पंवार ने युवाओं के साथ काम करते हुए उनकी अभिनय प्रतिभा को उभारने के लिए कई अलग -अलग गानों की धुनों पर जहाँ उन्हें अपने मन से भाव प्रस्तुति के अवसर दिए वहीँ मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानियों ‘हिंसा परमो धर्मः’तथा ‘दूध का दाम’पर प्रतिभागियों से डायलाग भी बनवाये . डॉ. पंवार ने उन्हें अपने आसपास को महसूस करने तथा दर्पण आदि अपनी कल्पना से दृश्यों के निर्माण करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से दिशा दी . युवाओं को दूसरे स्लॉट में बारहमासा मीडिया प्रा .लिमिटेड के निदेशक मनमीत रावत के सत्र में सोशल मीडिया के उपयोग से जुडी जरूरी बातें रोचक ढंग से सीखने को मिलीं .इनके द्वारा उत्तराखंड राज्य की सामाजिक ,सांस्कृतिक विशेषताओं पर अपने द्वारा बनाये गए डाक्युमेंट्रीज का प्रदर्शन करते हुए गढ़वाली और कुमाँऊनी बोलियों की प्राचीनता और व्यापकता पर भी प्रकाश डाला गया .
अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के हिमानी लोहानी ने बताया कि यूथ कैम्प में प्रतिदिन सायं 3 से 5 बजे तक प्रथम स्लॉट में थियेटर वर्कशॉप जारी रहेगा . थियेटर वर्कशॉप के बाद हर दिन 5 से 7 बजे तक दूसरे स्लॉट में युवाओं को विविध विषय विशेषज्ञों से काफी कुछ सीखने को मिलेगा.इसमें 20 जून को फाउंडेशन के सदस्य जगमोहन कठैत व रबीन्द्र जीना क्रिटिकल थिंकिग के बारे में युवा प्रतिभागियों से संवाद करेंगे.आगे के दिनों में विजय भट्ट के साथ युवा अपने शहर देहरादून को कुछ अलग नज़र और नजरिये से जानेंगे. हिमानी और नीतेश बताएँगे प्रभावी संवाद के बारे में. प्रतिभा कटियार से युवा सीखेंगे लिखने के कौशल लेखन कार्यशाला में और अंतिम दिन यानी 24 जून को आर.जे. देवांगना युवाओं से साझा करेंगी अपनी अबतक की यात्रा के बारे में खट्टे -मीठे अनुभव . 18 जून को प्रारम्भ हुआ यह यूथ कैम्प 24 जून तक विविध रोचक गतिविधियों के साथ जारी रहेगा .इस समय जनपद के सैकड़ों युवा प्रतिभाग कर कैम्प की रोचक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं . आमंत्रित विशेषज्ञों के अलावा फाउंडेशन के सदस्य अर्चना थपलियाल ,प्रदीप डिमरी ,मंजीत सिंह ,गणेश बिष्ट एवं अशोक मिश्र आदि कैम्प को सफल बनाने में जुटे हुए हैं .
इस यूथ कैम्प में देहरादून शहर के 18 से 30 वर्ष के युवा शामिल हो रहे हैं. इस कैम्प में प्रतिभागिता निशुल्क है.