नगर के बीडी पांडे अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं होने से मरीजों को हो रही है परेशानी

नैनीताल । नगर के बीडी पांडे अस्पताल में बीते तीन दिनों से अल्ट्रासाउंड नहीं होने से मरीजों को दिक्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए सुबह से अस्पताल पहुंच रहे हैं और उसके बाद उन्हें खाली वापस घरों को जाना पड़ रहा है वहीं कई मरीजों को हल्द्वानी का रुख करना पड़ रहा है।

बीडी पांडे अस्पताल में बीते दिनों अल्ट्रासाउंड केंद्र में अनियमितता पाने पर हाईकोर्ट की फटकार के बाद रेडियोलॉजिस्ट का तबादला कर दिया था लेकिन इन दिनों फिर एक बार अल्ट्रासाउंड केंद्र में ताला लटकने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते तीन दिनों से लोग बिना अल्ट्रासाउंड किए अस्पताल से वापस आ रहे हैं। तो वहीं कई मरीज अल्ट्रासाउंड कराने हल्द्वानी जा रहे हैं। अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर डॉक्टर अवकाश में हैं का पम्पलेट चिपकाया हुआ है। अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है।
ऐसे में फिर एक बार अस्पताल प्रबंधन व्यवस्थाएं करने में फेल होती नजर आ रहा है। इधर अस्पताल के पीएमएस डॉ. एलएमएस रावत ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट का तबादला होने के बाद नए रोडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति हो गई है। नव नियुक्त रेडियोलॉजिस्ट अभी जोइनिग लिव में हैं। जो सोमवार से अपना कार्यभार सम्भालने के बाद अल्ट्रासाउंड शुरू करेंगे।