उत्तराखंड बार काउंसिल के चेयरमैन बने पूर्व सांसद डॉ पाल, हरिद्वार के कुलदीप वाइस चेयरमैन


नैनीताल। उत्तराखंड बार काउंसिल चेयरमैन, वाइस चेयरमैन पद पर कड़े मुकाबले में नैनीताल निवासी पूर्व सांसद डॉ महेंद्र पाल जबकि वाइस चेयरमैन में हरिद्वार निवासी कुलदीप कुमार सिंह निर्वाचित हुए हैं। आज उत्तराखंड बार काउंसिल सभागार में अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान चेयरमैन मनमोहन लाम्बा व अनिल पंडित ने नामांकन वापस ले लिया। जिसके बाद पूर्व सांसद महेंद्र पाल व योगेंद्र तोमर प्रत्याशी थे। जबकि उपाध्यक्ष में वर्तमान उपाध्यक्ष मुन्फैत अली व कुलदीप सिंह में मुकाबला हुआ। एक बजे बाद मतदान हुआ, जिसमें बार काउंसिल के 20 निर्वाचित सदस्यों व महाधिवक्ता सहित 21 सदस्यों को मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारी व बार काउंसिल सचिव मेहरबान सिंह कोरंगा ने परिणाम की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर विजयी डॉ पाल को 11 व पराजित योगेंद्र तोमर को नौ मत मिले, एक मत निरस्त हुआ। उपाध्यक्ष पद पर विजयी कुलदीप को 12 व पराजित मुन्फैत अली को नौ वोट मिले। अध्यक्ष पर मैदान से हटे अनिल पंडित सहित बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य डीके शर्मा, नंदन कन्याल, अर्जुन भंडारी सहित अन्य ने नवनिर्वाचित चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।