वन विभाग ने स्कूल के समीप खूंखार लंगूर को पकड़ा


नैनिताल। बीते तीन महीने से लोगों को परेशान करने व काटने वाले खूंखार लंगूर को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। लंगूर को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार तल्लीताल बिड़ला क्षेत्र में कई महीनों से एक ख़ूखार लंगूर ने 20 से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर चुका था। लोगों की लगातार शिकायत के बाद वन विभाग लगातार पिंजरे लगाकर खूंखार लंगूर को पकड़ने की कोशिश कर रहा था। लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इन दिनों लोगों की शिकायत के बाद फिर एक बार वन विभाग ने क्षेत्र में पिजरा लगा दिया। जिसके चलते बृहस्पतिवार को रानीबाग से आई रेस्क्यू टीम ने खूंखार लंगूर को पिंजरे में पकड़ लिया। लंगूर को पिंजरे में फंसा देख विभाग व लोगों ने चैन की सांस ली है। वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि लंगूर को रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। इस दौरान वन दरोगा संतोष जोशी, निमेष दानू, नंदन दानू, मुकेश बिष्ट, रेस्क्यू टीम के आसिफ खान मौजूद थे। संवाद