इतिहास विभाग ने आयोजित किया रक्तदान शिविर समाजसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में सार्थक पहल

नैनीताल, । डी एस बी परिसर, कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के इतिहास विभाग द्वारा बुधवार को बी.डी. पांडे चिकित्सालय, नैनीताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता में योगदान देने के साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. रीतेश साह, डॉ. पूरन सिंह अधिकारी, किशोर कुमार, पंकज सिंह बिष्ट, सतीश सिंह राणा, दीपक, अरविंद सिंह बगियाल, सुनील कुमार एवं कमल सिंह सहित अन्य सदस्यों ने रक्तदान किया।
शिविर में इतिहास विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभागाध्यक्ष इतिहास विभाग ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक सरल, प्रत्यक्ष और अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है।
रक्तदान शिविर में बी.डी. पांडे चिकित्सालय के ब्लड बैंक की टीम ने चिकित्सा एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. प्रियंशु श्रीवास्तव, गणेश दत्त पलड़िया, संगीता प्रकाश एवं राकेश ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच तथा सुरक्षित रक्त संग्रह की व्यवस्था सुनिश्चित की।











