हिंदी दिवस पर भारतीय सैनिक विद्यालय नैनीताल में कवि दरबार का आयोजन

नैनीताल । भारतीय सैनिक विद्यालय में हिंदी दिवस के अवसर पर कवि दरबार का भव्य आयोजन किया गया ।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक कविताएँ प्रस्तुत की , साथ ही गत वर्ष वार्षिक गृह परीक्षा व बोर्ड परीक्षा में सर्वोत्तम अंक पाने वाले छात्रों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा जी उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य , उप प्रधानाचार्य व समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने हिंदी भाषा के महत्व, राष्ट्रप्रेम, संस्कृति एवं सामाजिक एकता से संबंधित विभिन्न कविताओं का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा जी ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और सभी को जोड़ने वाली भाषा है। यह भाषा देशवासियों के दिलों पर राज करती है तथा संपूर्ण भारत को एकता के सूत्र में बाँधने का कार्य करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं प्रेम बनाए रखने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बी एस मेहता जी ने हिंदी दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हिंदी हमारी मात्र भाषा के साथ साथ संपर्क भाषा भी है जिसमें हम अपनी बात को सरल तरीके से व्यक्त कर सकते है ।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य श्री प्रवीण जी ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और हमारे रक्त में बसने वाली भाषा है। यह हमारे दिलों को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने हिंदी को माँ के समान बताते हुए कहा कि हिंदी के प्रति प्रत्येक व्यक्ति का विशेष लगाव और सम्मान होना चाहिए। उन्होंने सभी को हिंदी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता
नीलम जोशी ने की | उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री मनोज कुमार जी ने किया। काव्य दरबार में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी स्वरचित एवं चयनित कविताओं का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
हिंदी दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम एवं गौरव की भावना जागृत करने वाला रहा। इस अवसर पर डा रेनु चन्द्र प्रकाश आलोक भट्ट मुक्ता चौधरी महेश मंजू जोशी भावना साह दिव्या ढैला दिव्या पाण्डे शिखा बीएड प्रशिक्षु व अन्य उपस्थित रहे










