आरएसएस ने सीआरएसटी इंटर कॉलेज में कराया युवा खेल सम्मेलन, 200 युवाओं ने दिखाया दमखम

नैनीताल । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को नैनीताल के सीआरएसटी इंटर कॉलेज में युवा खेल सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 200 युवाओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल खो-खो, रस्साकस्सी और पेनल्टी शूट आउट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवाओं ने सभी खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया। रस्साकस्सी और खो-खो के मुकाबलों में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना और उनमें टीम भावना व अनुशासन विकसित करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना भी इसका उद्देश्य है।इस दौरान सह प्रांत बौद्धिक राजेश, जिला प्रचारक अभिषेक, नगर प्रचारक हरिओम, नगर कार्यवाह दरबान, नगर सह कार्यवाह भरत, नगर व्यवस्था प्रमुख विवेक, जिला विद्यार्थी प्रमुख भावेश, कार्यक्रम के खेल प्रमुख सूर्यांश, बॉबी और बौद्धिक प्रमुख धर्मेंद्र सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।









