अंतरराष्ट्रीय टेनिस मंच पर चमकी दून की बेटी मीरा चौधरी, सिंगापुर में लहराया परचम, कजाकिस्तान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का क्षण है। द हैरिटेज स्कूल नॉर्थ कैंपस सहस्त्रधारा रोड की कक्षा आठ की होनहार छात्रा मीरा चौधरी ने विश्व टेनिस मंच पर एशिया अंडर-12 प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंगापुर में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का मान बढ़ाकर परचम लहराया है।
यहां स्कूल की प्रधानाचार्या दीपाली सिंह ने बताया कि नॉर्थ जोन से इस मुकाम तक पहुंचने वाली मीरा चौधरी पहली खिलाड़ी बन गई हैं, जो उनकी अद्भुत खेल प्रतिभा को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में मीरा चौधरी ने अपने बेहतरीन हुनर, बुलंद हौसले और उत्कृष्ट टीम वर्क का परिचय दिया। उनके शानदार प्रदर्शन, निरंतर अभ्यास और कोर्ट पर साथी खिलाडि़यों के साथ सटीक तालमेल की बदौलत भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम की यह सफलता निसंदेह काबिले तारीफ है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में सफलता के झंडे गाड़ने के साथ ही मीरा और उनकी टीम ने कजाकिस्तान द्वारा प्रायोजित एटीएफ अंडर-12 अंतर महाद्वीपीय टेनिस प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है।
वहीं स्पोटर्स डिपाटमेंट से आयुष मित्तल ने बताया कि टेनिस के क्षेत्र में भारत के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही टेनिस के प्रति मीरा चौधरी का समर्पण, कड़ा अनुशासन और अटूट लगन ही आज उन्हें इस मुकाम पर ले आई है।
उन्होंने बताया कि उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकों और छात्र छात्राओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पूरे विद्यालय परिवार ने मीरा चौधरी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वह आगे भी इसी तरह चुनौतियों को पार कर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर भारत व उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।











