रामगढ़ में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया

नैनीताल। जन जन की सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अन्तर्गत बुद्धवार को रामगढ़ विकास खण्ड के न्याय पंचायत नथुवाखान के अंतर्गत रीठा पोखरा मैदान नथुवाखान में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया था । शिविर में लाभार्थियों द्वारा पहुंचकर विभिन्न विभागों की विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ साथ शिविर का लाभ उठाया । शिविर में समाज कल्याण विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, विद्युत, पेयजल, पशुपालन, उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य विभाग , महिला कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, आदि विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा अपने अपने विभागों से संबंधित जानकारी शिविर में उपस्थित जनता को दी गई । मौके पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में माह अक्टूबर तक का राशन विभिन्न उचित दर विक्रेताओं की दुकानों से बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन के आधार पर राशन कार्ड धारकों को उपलब्ध करवाया जा रहा है सभी राशनकार्ड धारकों को ३० सितंबर से पहले राशन उठान करना अनिवार्य है इसके बाद माह अक्टूबर का राशन दिया जाना संभव नहीं होगा । शासन के निर्देशानुसार ऐसे सभी राशन कार्ड धारकों को भी चिन्हित किया जा रहा है जिन्होंने विगत ६ माह से राशन कार्ड पर राशन का उठान नहीं किया गया है इन राशन कार्डों को निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की जा रही है इसलिए सभी राशन कार्ड धारक अपने राशन कार्ड पर अवश्य राशन प्राप्त कर लें । मौके पर ए आर ओ बिष्ट द्वारा अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ यह भी जानकारी दी गई कि आप घर बैठे बैठे अपने राशन कार्ड को किस तरीके से ऑनलाइन कर सकते हैं और उसके लिए उन्हें किन किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है और कहा कि जिन राशन कार्ड धारकों द्वारा अपने राशन कार्ड में अंकित सदस्य की ई केवाईसी नहीं कराई है वे इसे अनिवार्य रूप से करा लें । इसे संबंधित राशन की दुकान अथवा घर बैठे मेरा ई केवाईसी एप डाउनलोड कर भी किया जा सकता है । यदि किसी भी राशन कार्ड धारक द्वारा अपने राशन कार्ड में किसी भी प्रकार का कोई मॉडिफिकेशन करना हो तो विभागीय साइट uk.smartpds.nic.in में जाकर सिटीजन लॉगिन से राशन कार्ड में संशोधन किया जा सकता है । कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को वर्तमान में निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है । खाद्य विभाग द्वारा मौके पर राशन कार्ड में ऑनलाइन मॉडिफिकेशन कर कुल १२ लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया । विभिन्न विभागों द्वारा कुल १५३ लाभार्थियों को शिविर में लाभान्वित किया गया । शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने अपने विभाग से संबंधित समस्या का निस्तारण कर जनकल्याकारी योजनाओं की जानकारी शिविर में उपस्थित जनता को प्रदान की गई । शिविर में ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ दीपक कुमार, खण्ड विकास अधिकारी रामगढ़ शुभम अग्रवाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट और बाल विकास परियोजना अधिकारी पार्वती कोरंगा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे । इस अवसर पर मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण भी लाभार्थियों को किया गया ।