ज्योलिकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय निगरानी जारी, नंदा देवी मेले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं एवं निगरानी लगातार जारी है। आज स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार औषधियों का वितरण किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 64 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 40 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए, 61 लोगों की काउंसलिंग की गई तथा 10 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा प्रदान की गई। वहीं गंभीर लक्षण वाले 4 लोगों को उपचार हेतु भर्ती किया गया।
इसके अलावा चोपड़ा एवं बेलवाखान में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से डोगरा क्षेत्र में 60 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
नंदा देवी मेले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत द्वारा नैनीताल में आयोजित नंदा देवी मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य स्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य टीमों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मेले में आने वाले लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मेले में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें, हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मेले में खाना हमेशा स्वच्छ एवं साफ स्थान पर ही खाएं और केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का सेवन करें। खुले में रखे खाद्य पदार्थों तथा दूषित या संदिग्ध पानी के सेवन से बचें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि खाने से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ अवश्य धोएं, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा आसपास गंदगी न फैलाएं। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या, उल्टी-दस्त, बुखार, पीलिया, सांस संबंधी परेशानी अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क करें या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
घर-घर सर्वे एवं स्वास्थ्य शिक्षा जारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें ज्योलिकोट क्षेत्र में लगातार घर-घर सर्वे एवं स्वास्थ्य निगरानी कर रही हैं। टीमों द्वारा लोगों को जलजनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सुरक्षित खान-पान के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता प्रदान की जा रही है। जरूरतमंद परिवारों को ओआरएस एवं जिंक का वितरण भी किया जा रहा है।











