वेंडर जोन घोषित करने को लेकर नगर पालिका सभागार में प्रभारी अधिशासी अधिकारी पूजा चंद्रा को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंडल मल्लीताल के सदस्य।

व्यापारियों ने उठाई जल्द से जल्द वेंडर जोन घोषित करने की मांग
नैनीताल। नगर के व्यापारियों ने नैनीताल में फड़ लगाने के लिए वेंडर जोन घोषित करने की मांग की है। इसे लेकर व्यापार मंडल मल्लीताल ने मंगलवार को नगरपालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी पूजा चंद्रा को ज्ञापन भी सौंपा।
व्यापार मंडल मल्लीताल के अध्यक्ष किशन नेगी ने बताया कि बीते कई सालों से नैनीताल शहर में वेंडर जोन घोषित नहीं किया गया है। इस कारण शहर के अन्य जगहों पर फड़ लगाये जाने से अतिक्रमण हो रहा है। जिससे कई तरह की समस्यायें पैदा हो रही हैं। पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों के साथ अवैध रूप से फड़ लगाने वाले लोगों द्वारा अभद्रता की जा रही है। वहीं सड़क किनारे फड़ लगाने से यातायात बाधित हो रहा है। इसलिए जल्द से जल्द वेंडर जोन घोषित किया जाना जरूरी है। जिससे निर्धारित स्थान पर ही फड़ लगाये जा सकें।
व्यापार मंडल मल्लीताल के महामंत्री त्रिभुवन फर्त्याल ने बताया कि बीते दिनों हुई नगर पालिका और व्यापारियों की बैठक में 5 दिन के भीतर वेंडर जोन घोषित करने का पालिका ने आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक वेंडर जोन घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने जल्द वेंडर जोन घोषित करने की मांग की है। इस दौरान मल्लीताल व्यापार मंडल की महिला उपाध्यक्ष भारती कैड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष रईस खान, संयुक्त सचिव परीक्षित शाह, कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ छेत्री आदि मौजूद रहे।










