सनवाल पब्लिक स्कूल का सेमीफाइनल में प्रवेश हुआ

नैनीताल । सरोवर नगरी नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित 78वीं एच.एन. पांडे मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन नैनीताल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के साथ ही सेमीफाइनल की राह भी साफ होने लगी है। हर मुकाबले के साथ खिलाड़ियों का जोश और खिताब के लिए संघर्ष बढ़ता जा रहा है।क्वार्टर फाइनल के तीसरे मुकाबले में सेंट जॉन्स पब्लिक स्कूल नैनीताल और सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए पूरा जोर लगाया। मुकाबले में खिलाड़ियों की तेज रफ्तार, बेहतरीन पासिंग और आक्रामक अंदाज ने खेल को खासा रोमांचक बनाए रखा।प्रतियोगिता के इस अहम पड़ाव पर पहुंच चुकी दोनों टीमों के लिए एक-एक पल महत्वपूर्ण रहा। खिलाड़ियों ने पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान मैदान में मौजूद खेलप्रेमियों की नजरें भी हर मूव और हर हमले पर टिकी रहीं।मध्यांतर तक सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल ने 2-0 से बढ़त बनाए रखी रही ।
मध्यांतर के पश्चात सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल ने 1 गोल और दर्ज करके स्कोर को 3-0 से बढ़त बनाए रही।
मैच समाप्ति के पश्चात सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल ने 3-0 से विजय दर्ज कर सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल की ओर से प्रतीक ने 2 और हिमांशु ने 1 गोल किया ।
मैच में प्रेम सिंह बिष्ट, शेखर साह एवं अपूर्व सिंह बिष्ट ने रेफरी की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में अब क्वार्टर फाइनल का केवल एक मुकाबला शेष है,कल मंगलवार को नैंसी कॉन्वेंट ज्योलिकोट और सेंट जोसेफ कालेज नैनीताल के बीच चौथा एवं अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
इस मुकाबले के साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सभी टीमों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।
खिताब की ओर बढ़ते कदमों के बीच अब हर मुकाबला निर्णायक है और फुटबॉल प्रेमियों की नजरें टूर्नामेंट के अगले रोमांचक पड़ाव पर टिकी हैं।