नैनीताल में बीच सड़क पर्यटकों के साथ मारपीट

नैनीताल। मालरोड में एक पर्यटक की कार स्थानीय युवक की कार से टकरा गई। इस दौरान स्थनीय युवक समेत अन्य लोगों ने पर्यटक को बीच सड़क में पीट दिया। इस दौरान चौराहे पर मौजूद रहने वाले पुलिस कर्मी भी मौके से नदारद ‌रहे।

जानकारी के अनुसार रविवार को इंडिया होटल तिराहे पर हरियाणा से घूमने आए एक पर्यटक की कार स्थानीय कार से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद स्थानीय कार चालक और हरियाणा के पर्यटक के बीच बहस होने लगी। इस दौरान स्थानीय टैक्सी चालकों की भीड़ लग गई। बहस बढ़ी तो स्थानीय लोगों व चालकों ने पर्यटकों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट में हरियाणा के पर्यटकों की जमकर धुनाई हो गई। पर्यटकों को पिटते देख जब महिला पर्यटक कार से उतरी तो मामला शांत हुआ। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। देखने वाली बात यह है कि वीआईपी मूवमेंट के बीच इंडिया होटल चौराहे के पास जब यह घटना हुई तो पर्यटक बूथ पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। ईधर मामले में सीओ विभा दीक्षित ने बताया कि मामला संज्ञान में आया ‌है। मामले की जांच की जा रही है