तल्लीताल क्षेत्र में सड़क में बहता सीवर बहकर झील को दूषित कर रहा
नैनीताल। नैनीताल में सीवर लाइन से सीवर बहकर झील में जाना आम हो गया है। न तो जिला प्रशासन इसकी सुध ले रहा न जल संस्थान के कर्मचारी सीवर लाइनों को ठीक करा पा रहा। जिसके चलते सीवर का पानी लगातार बहकर झील में समा रहा है। इधर तल्लीताल फांसी गधेरा क्षेत्र में भी सीवर का पानी बहकर झील में जा रहा है। शिकायत के बाद भी जल संस्थान समस्या का समाधान नहीं कर पाया है।
बता दें कि नैनीताल में हर रोज अलग- अलग क्षेत्र में सीवर बहने से लोग परेशान हैं। हर रोज सीवर बहकर सड़कों व नालों के रास्ते झील में समा रहा है। बीते दिनों बारिश में तल्लीताल रिक्शा स्टैंड के समीप सीवर का गंदा पानी बहकर सड़क में जमा हो गया था। तो अब फांसी गधेरा क्षेत्र में बीते कई दिनों से सीवर का गंदा पानी सड़क से बहकर झील में जा रहा है। आवाजाही करने वालों को दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है सीवर के बहने दुर्गंध आ रही है साथ ही बीमारियों का खतरा बना हुआ है। शिकायत के बाद भी विभाग द्वारा सीवर लाइन ठीक नहीं की गई है। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप बिष्ट ने बताया कि पूरे दिन सीवर लाइन की सफाई की गई है। लेकिन उसके बाद भी लीकेज हो रहा है। बताया कि रात को ट्रैफिक बंद होने के बाद दोबारा काम शुरू किया जायेगा।












