दुकानों के आसपास जंगलों में कूड़ा मिलने पर की जाएगी कारवाई
नैनीताल। वन भूमि क्षेत्र में कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ वन विभाग सख्त हो चुका है। वन भूमि में कूड़ा फैंकने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि नैनीताल के आस पास के क्षेत्र में लोगों ने वन भूमि व जंगलों को कूड़ा दान बना दिया है। सड़कों के किनारे जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। लेकिन वन विभाग को न तो जंगलों में कूड़े के ढेर नजर आ रहे हैं ना ही शिकायत के बाद भी कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कारवाई की जा रही है। जिसके चलते दिनो दिन कूड़ा जंगलों में फैलता जा रहा है। शनिवार को बारापत्थर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान वन भूमि में कूड़ा देख कर वन विभाग के उप प्रभागीय वन अधिकारी राजकुमार ने वन क्षेत्राधिकारी को कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कारवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद वन क्षेत्राधिकारियों से क्षेत्र में निरीक्षण कर जंगलों में कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कारवाई करने के निदेश दिए। उन्होंने कहा कि जंगल क्षेत्र में कूड़ा फेंकनेेेे वालों को बिल्कुल भी नहीं छोड़ा जाएगा।












