वन विभाग के कर्मचारियों ने फिर शुरू की कंट्रोल बर्निंग

नैनीताल। बारिश के बाद फायर सीजन को लेकर फिर एक बार वन विभाग ने कमर कस ली है। जंगलों को आग से बचाने के लिए सड़कों में गिरे पिरूल को हटाकर कंट्रोल बर्निंग की जा रही है। जिससे जंगलों को आग से बचाया जा सके।
बता दें कि बारिश के बाद धूप खिलते ही जंगलों व सड़कों के किनारे गिरा पिरूल बारूद बन चुका है। वहीं तेज धूप के चलते आग लगने की घटनाओं की संभावना भी बड़ गई है। जिसको लेकर वन विभाग भी चौकन्ना हो गया है और सड़कों के किनारे गिरे पिरूल को जलाकर जंगलों को आग से बचाने की कोशिश में लगा हुआ है। इधर सोमवार को मनोरा रेंज के पटवाडांगर रोड में गिरे पिरूल को एकत्र कर वन विभाग की टीम ने जला दिया। मनोरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि मनोरा रेंज के जंगल व सड़क के किनारे वन विभाग कंट्रोल बर्निंग कर जंगल में मौजूद पिरूल और सूखे पत्तों को जला रहा है। इस दौरान जंगल की सफाई कर पिरूल और आग लगने की संभावना वाले घासफूस को जलाया जा रहा है। बताया कि सूखा मौसम और जंगल की सतह पर जमा ईधन, सूखी मिट्टी के चलते आग फैलने के हालात बना देता है। ऐसे में जंगल में अलाव जलाना या जलती बीड़ी-सिगरेट फेंक देने जैसी लापरवाही घातक होती है। इसके लिए फायर सीजन को देखते हुए लगातार कंट्रोल बर्निंग का कार्यक्रम जारी रहेगा। इस दौरान कंट्रोल बर्निंग में बालम सिंह, सौरभ धामी व महिलाओं समेत अन्य वन कर्मी मौजूद थे।












