भारी बारिश में भी आशा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, प्रदेश सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

नैनीताल। भारी बारिश में आशा कार्यकर्ताओं ने नगर के तल्लीताल में मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बारिश के बीच आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने बताया कि वर्ष 2021 में खटीमा में हुए आंदोलन के बाद आशा कार्यकर्ताओं को 11 हजार रुपये मानदेय देने का प्रस्ताव बना था, लेकिन सरकार ने अब तक इसे लागू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पिछले छह-सात माह से आशा कार्यकर्ताओं को नियमित मानदेय और बढ़ा हुआ पैसा भी खातों में नहीं मिला है। इसके बावजूद लगातार काम का बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यूनियन की मांग है कि आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाली कार्यकर्ताओं को पेंशन या एकमुश्त रिटायरमेंट फंड उपलब्ध कराया जाए। कमला कुंजवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आशा कार्यकर्ता काम छोड़कर आंदोलन को और तेज करेंगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी। इस दौरान चंद्रा सती, लीला पांडे, चंपा बिष्ट, सरिता, गंगा, प्रेमा, हेमा रावत व प्रभा बिष्ट मौजूद रही।












