मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 20 सूत्री एवं 25 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने विकास भवन सभागार में 12 अक्टूबर की देर सांय तक 20 सूत्री कार्यक्रम तथा 25 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक ली। बैठक में 20 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जनपद में कुल 40 मदो के सापेक्ष 36 मदों में ‘A’ श्रेणी, 3 मदों में ‘B’ श्रेणी तथा 1 मद में ‘D’ श्रेणी प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि 20 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद की विगत माह प्रदेश में तृतीय रैंकिंग रही थी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए जनपद की रैंकिंग में और सुधार लाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करें।इसके अतिरिक्त, बैठक में 25 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की अद्यप्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में राजस्व विभाग, खनन,जिला प्राधिकरण संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उक्त विभागों की प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी, नैनीताल को पत्र प्रेषित कर संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया गया।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 20 सूत्री एवं 25 सूत्री कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति में सुधार लाते हुए जनपद की स्थिति बेहतर बनाने हेतु प्रभावी प्रयास करें।













