डीएसबी परिसर में सोमवार से निःशुल्क योग खेल प्रशिक्षण शिविर, अंतर-महाविद्यालयीन प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

नैनीताल।कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित योग विज्ञान विभाग द्वारा अंतर-महाविद्यालयीन योग खेल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।शिविर का शुभारंभ सोमवार से योग विभाग, डीएसबी परिसर में होगा। शिविर में योग को पारंपरिक साधना के साथ-साथ एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें शारीरिक क्षमता, संतुलन, अनुशासन और एकाग्रता पर विशेष फोकस रहेगा।योग विभाग की डॉ. शैलजा सिंह ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों को योग खेल के नियमों और तकनीकों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अंतर्गत सूर्य नमस्कार, धनुरासन, वृक्षासन, पद्मासन सहित विभिन्न एडवांस आसनों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग आसनों में होल्डिंग, प्रेजेंटेशन और शारीरिक स्थिरता को बेहतर बनाने पर भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योग को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल के रूप में मान्यता मिल रही है, जिसके चलते विश्वविद्यालय स्तर पर भी योग खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है ताकि प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मंच मिल सके।इस शिविर में डीएसबी परिसर में अध्ययनरत सभी संकायों के छात्र-छात्राएं जो योग खेल में रुचि रखते हैं, भाग ले सकते हैं। शिविर में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा और प्रशिक्षण के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अंतर-महाविद्यालयीन योग खेल प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।