कुमाऊँ विश्वविद्यालय डी.एस.बी. परिसर में छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर हेतु अधिसूचना जारी

नैनीताल,। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डी.एस.बी. परिसर, नैनीताल में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगे।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को चुनाव संबंधी जानकारी एवं चुनावी प्रक्रिया की जानकारी, 24 सितंबर को नामांकन हेतु प्रपत्रों की बिक्री तथा 25 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी। नामांकन पत्रों की जांच 26 सितंबर को की जाएगी तथा इसी दिन नाम वापसी की प्रक्रिया भी निर्धारित है।
छात्रों की आम सभा 28 सितंबर 2026 को कला प्रांगण में आयोजित की जाएगी। चुनाव प्रचार 28 सितंबर को शाम 4:00 बजे के बाद पूर्णतः बंद रहेगा।
29 सितंबर 2026 को मतदान प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक डी.एस.बी. परिसर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर होगा। मतदान के पश्चात मतपेटियों को मतगणना केंद्र तक पहुंचाया जाएगा और अपराह्न 3:00 बजे से कॉमर्स हॉल में मतगणना प्रारंभ होगी। चुनाव परिणाम मतगणना के पश्चात घोषित किए जाएंगे तथा विजयी प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण और प्रमाण-पत्र वितरण भी 29 सितंबर को ही किया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार छात्रसंघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्राओं के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, छात्राओं के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष तथा सांस्कृतिक सचिव के एक-एक पद के साथ प्रत्येक संकाय से एक संकाय प्रतिनिधि और एक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि का निर्वाचन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया छात्रसंघ संविधान तथा लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप संचालित की जाएगी। चुनाव संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
महत्वपूर्ण: मतदान के लिए विद्यार्थियों को अपना शैक्षणिक सत्र 2026–27 का वैध परिचय-पत्र (Identity Card) साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक अपना परिचय-पत्र नहीं बनवाया है, उन्हें 28 सितंबर 2026 को अपराह्न 4:00 बजे तक इसे बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मतदान वही विद्यार्थी कर सकेंगे जिनके पास वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026–27 का परिचय-पत्र होगा।