भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व परिवहन एवं खाद्य मंत्री सुरेश चंद्र आर्य तथा भाजपा की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बीना आर्य ने नैनीताल विधान सभा सीट से दावेदारी जताई है

नैनीताल । भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व परिवहन एवं खाद्य मंत्री सुरेश चंद्र आर्य तथा भाजपा की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बीना आर्य ने नैनीताल विधान सभा सीट से दावेदारी जताई है ।
बुधवार को नैनीताल क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री सुरेश आर्य ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने में मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी पेश करते हुए कहा कि यदि पार्टी उन्हें या उनकी पत्नी श्रीमती बीना आर्य को 58-नैनीताल (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाती है, तो वे यहाँ से भारी मतों से विजय प्राप्त कर कमल खिलाएंगे।
सुरेश आर्य ने बताया कि वे लगातार 58-नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामीण इलाकों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान वे जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा जनसंपर्क साध रहे हैं। क्षेत्रवासियों की जो भी जनसमस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें सरकार के माध्यम से हल कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार बेहतरीन काम कर रही है और प्रदेश का बहुमुखी विकास हो रहा है।
सुरेश आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर नितिन नवीन के नेतृत्व में और उत्तराखंड राज्य में राज्यसभा सांसद व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने पूरा विश्वास व्यक्त किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी भाजपा परचम लहराएगी और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संतोष आर्य, भूपाल चंद्र आर्य, आशीष आर्य और बसंत कुमार सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।












