सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत उप जिला चिकित्सालय रामनगर में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित
रामनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत उप जिला चिकित्सालय रामनगर में वृहद स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री दिनेश मेहरा, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, संजय बिष्ट, आशा बिष्ट, अजय पाल तथा नवीन करगेटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर का निरीक्षण डॉ. तपन शर्मा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, एवं डॉ. एस.एस. बिष्ट वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा किया गया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक लाभार्थी को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. रश्मि कोहली (मनोचिकित्सक) तथा डॉ. दिलीप वार्ष्णेय (ईएनटी सर्जन) सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।
शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, सर्वाइकल एवं ओरल कैंसर की जांच, एक्स-रे, विभिन्न लैब जांच, दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्माण, रक्तदान, आयुष्मान भारत कार्ड, आभा आईडी निर्माण सहित विभिन्न डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल 519 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान 290 लोगों की ब्लड शुगर जांच, 285 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच, 225 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 125 गर्भवती महिलाओं की जांच, 120 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 130 लोगों की एलएफटी/केएफटी सहित अन्य रक्त जांच, 15 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग तथा 58 लोगों के एक्स-रे किए गए। इसके अतिरिक्त 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए,20 आयुष्मान कार्ड एवं 118 आभा आईडी भी बनाई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आमजन को उनके घर के निकट समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. दीपा आर्य, डॉ. संदीप पांगती, आकाशा बनकोटी, डॉ. मीनाक्षी गुरानी, मनोज सती, रवि कुमार, मनमोहन रमोला, पवन तिवारी, राजीव बदलाकोटी, रीता तथा दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
…………………………………………………












