रक्षाबंधन से पहले चलाया पौधा रोपण अभियान
नैनीताल। नैनीताल के नजदीकी न्याय पंचायत खुर्पाताल के बजून क्षेत्र में ओबीसी मंडल महामंत्री ग्रामीण मंडल भाजपा गौरव गोस्वामी द्वारा समर्पण ध्यान केन्द्र के सहयोग से ‘हर्ष स्मरण डे ’ के नाम से वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई करने के साथ ही नजदीकी स्थानों पर पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर गौरव गोस्वामी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और सेवा हम सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास आज की जरूरत है, लेकिन साफ पर्यावरण भी स्वस्थ जीवन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्ते की रक्षा का पर्व है। इस रक्षाबंधन पर प्रत्येक भाई-बहन को अपने परिवार के साथ मिलकर एक पौधा लगाना चाहिए और उसकी सेवा एवं रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा उठाए गए ऐसे छोटे-छोटे कदम भविष्य में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए बड़े अच्छे परिणाम दे सकते हैं।
गौरव गोस्वामी ने कहा कि आज हम जिस पेड़ की सेवा और रक्षा करते हैं, वही पेड़ आने वाले कई सालों तक हमारे पर्यावरण की सुरक्षा करने के साथ हमें स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और स्वस्थ जीवन प्रदान करता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ भारत जरूरी है और स्वस्थ भारत के लिए साफ एवं सुरक्षित पर्यावरण का होना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में सहयोग के लिए समर्पण ध्यान केन्द्र के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से ओबीसी महामंत्री भाजपा ग्रामीण मंडल गौरव गोस्वामी ने देशवासियों को यह संदेश भी दिया गया कि त्यौहारों को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर उन्हें प्रकृति और समाज की सेवा से जोड़ना ही सच्चे अर्थों में सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण की सेवा है।











