MENU कैम्प-2026 के नौवें दिन कैडेट्स ने 25 किमी सेलिंग पूरी कीविधायक सरिता आर्या ने कैम्प का किया भ्रमण, कैडेट्स का बढ़ाया उत्साह; नैनी झील में चलाया स्वच्छता अभियान

नैनीताल, । 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित मेनू कैम्प –2026 के नौवें दिन कैडेट्स ने नैनी झील में 25 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। इसके साथ ही कैम्प के नौ दिनों में कैडेट्स द्वारा अब तक 234.5 किलोमीटर की कुल सेलिंग पूरी की जा चुकी है।
17 से 26 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे इस कैम्प में 35 बॉयज़ एवं 25 गर्ल्स सहित कुल 60 एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। कैम्प का उद्देश्य कैडेट्स में नौसैनिक दक्षता के साथ साहस, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण चेतना विकसित करना है। कैम्प के दौरान सेलिंग एवं सीमैनशिप के अलावा तैराकी, लाइफ सेविंग, सीपीआर , फायरिंग, ऑब्स्टेकल प्रशिक्षण, माउंटेनियरिंग, ट्रेकिंग, हेरिटेज विजिट तथा सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
आज नैनीताल विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने कैम्प स्थल का भ्रमण किया और कैडेट्स से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैडेट्स द्वारा किए जा रहे सेलिंग प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली और उनके अनुशासन एवं उत्साह की सराहना की।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए श्रीमती सरिता आर्या ने कहा कि एनसीसी युवाओं को अनुशासन और नेतृत्व के साथ-साथ जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नैनी झील में लगातार लंबी दूरी तक सेलिंग करना अपने आप में चुनौतीपूर्ण कार्य है और कैडेट्स ने जिस धैर्य एवं अनुशासन के साथ इसे पूरा किया है, वह सराहनीय है।
उन्होंने विशेष रूप से बालिका कैडेट्स की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कैडेट्स से कहा कि वे अपने आत्मविश्वास, मेहनत और अनुशासन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं और भविष्य में देश एवं समाज के लिए नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं।
कैम्प के नौवें दिन कैडेट्स ने ‘स्वच्छता अभियान’ के अंतर्गत नैनी झील में स्वच्छता अभियान चलाया। कैडेट्स ने झील एवं उसके आसपास से प्लास्टिक तथा अन्य कचरा एकत्र किया और लोगों को नैनी झील को स्वच्छ एवं प्लास्टिक-मुक्त रखने के लिए जागरूक किया।
कैम्प के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि मेनू कैम्प में नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैडेट्स द्वारा नैनी झील की सफाई, प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता, पौधरोपण और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार चल रहे सेलिंग अभियान से कैडेट्स में सहनशक्ति, टीमवर्क, नेतृत्व और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित हो रही है। उन्होंने बताया कि अब तक कैडेट्स 234.5 किलोमीटर की सेलिंग पूरी कर चुके हैं।
कैम्प की गतिविधियों में एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कमांडर राकेश रावत, चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद कुमार, पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर, चीफ पेटी ऑफिसर विक्रांत सिंह, अमर प्रधान, सनी कुमार, पेटी ऑफिसर दीपक कुमार, पेटी ऑफिसर अनूप कुमार, दिव्या यादव, गणेश नयाल, कमलेश जोशी सहित प्रशिक्षकों व कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











