शिल्पकार सभा नैनीताल के तत्वावधान में आमसभा तथा सामाजिक क्रांति के अग्रदूत, महान समाज सुधारक राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी की 139वीं जयंती का आयोजन किया गया

नैनीताल,। शिल्पकार सभा नैनीताल के तत्वावधान में आज आमसभा तथा सामाजिक क्रांति के अग्रदूत, महान समाज सुधारक राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी की 139वीं जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रा ने की, जबकि संचालन महामंत्री राजेश लाल द्वारा किया गया।
आमसभा के प्रारंभ में सभा के कोषाध्यक्ष कैलाश आगरकोटी ने सभा का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया। बैठक में सभा की सदस्यता को व्यापक बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर समूह बनाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा तथा उन्हें शिल्पकार सभा के उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों एवं गतिविधियों की जानकारी देकर सभा से जोड़ा जाएगा। साथ ही, सभा के प्रति आस्था रखने वाला कोई भी व्यक्ति सभा में आकर सदस्यता ग्रहण कर सकता है। उपस्थित सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी की 139वीं जयंती के उपलक्ष्य में शिल्पकार सभा द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों पर आधारित एक फोल्डर का विमोचन भी किया गया। उपस्थित सदस्यों ने मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों एवं कार्यों से प्रेरणा लेने तथा उनके अधूरे सामाजिक मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सभा के अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रा ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी ने सामाजिक उत्थान, अनुसूचित जाति समाज की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन और संघर्ष आज के अनुसूचित जाति समाज के प्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को ऐसे ही दूरदर्शी, ईमानदार और समाज के हितों के लिए समर्पित नेतृत्व की आवश्यकता है। मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी को उत्तराखंड का अंबेडकर भी कहा जाता है, जो उनके सामाजिक योगदान और प्रभाव का परिचायक है।
सभा के महामंत्री राजेश लाल ने कहा कि आज के राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी तथा खुशी राम जी के सामाजिक समर्पण और संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के व्यापक हितों को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, सामाजिक चेतना और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में सभा के संरक्षक के.एल. आर्य, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती ऊषा कन्नौजिया, कोषाध्यक्ष कैलाश आगरकोटी, सलाहकार पी.आर. आर्य, लेखापरीक्षक संजय कुमार, महिला अध्यक्ष तारा आर्य, महामंत्री मनीषा, कोषाध्यक्ष सरिता आगरकोटी, मंत्री नीतू आर्य, देवेंद्र प्रकाश, अजय कुमार, अनिल कुमार, मनोज टांक, रमेश चंद्र, संजय कुमार, सी.पी. धुसिया, प्रकाश चंद्र, मनीष कुमार विजय कुमार चंद्र प्रकाश संजय कुमार शांति देवी संगीता सहित सभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सभा ने राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी को उनकी 139वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता और समाज के उत्थान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।