मिशन ग्रीन के तहत नैनीताल में 1800 स्थानीय पौधे रोपे, जैव विविधता बचाने पर जोर

नैनीताल l मिशन ग्रीन अभियान के अंतर्गत रविवार को नैनीताल में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और समुदायों ने मिलकर 7 नंबर क्षेत्र स्थित भोटिया बैंड में 1800 स्थानीय प्रजाति के पौधे लगाए।
इस बार लगाए गए पौधों में बाज, पांगरा, रिंगाल, पुतली और अंगू जैसी नैनीताल की पारंपरिक प्रजातियां शामिल थीं। आयोजन का उद्देश्य शहर की जैव विविधता को संरक्षित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने की। उन्होंने कहा, “हर वर्ष शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पौधरोपण किया जाता है। इस बार हमने स्थानीय प्रजातियों पर विशेष ध्यान दिया है क्योंकि इनके जीवित रहने की दर बेहतर होती है और ये यहां की जलवायु के अनुकूल भी हैं।” डॉ. खेतवाल ने बताया कि मिशन ग्रीन में हर बार स्कूलों के छात्र-छात्राओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सबसे अहम रहती है। इसी सामूहिक प्रयास से अभियान को गति मिलती है। पौधरोपण में रेखा पंत, डोल्मा, चूकी, सोनम छोडन, गीता पांडे, एडवोकेट गोविंद कुमार, शंकर दत्त पोखरिया, हरीश चंद्र पांडे, प्रो. आशीष मेहता, गोपाल बिष्ट, पान सिंह बिष्ट, तेनजिंग, यशपाल रावत, भोपाल सिंह बिष्ट आरओ, किशोर ढैला, पुष्कर, ऋतिक प्रसाद, पृथ्वी राज नेगी, सार्थक, प्रांजल कश्यप, रुद्रंग सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।












