पटवारी भर्ती परीक्षा लीक होने से विद्यार्थियों में उबाल, प्रदेश सरकार का पुतला दहन

नैनीताल। उत्तराखंड में बीते दिनों आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा के लीक होने के बाद छात्रों में सरकार के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को डीएसबी कॉलेज के छात्रों ने परीक्षा निरस्त होने और लीक होने को लेकर डीएसबी परिसर के मुख्य गेट परराज्य सरकार का पुतला फूंका और जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की l उन्होंने पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान छात्रों ने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के नाम पर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। डीएसबी परिसर के छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम बिष्ट ने सरकार पर आरोप लगाया कि युवा दिवस के मौके पर सरकार ने युवाओं से बड़ा छलावा किया है। शुभम ने कहा जिस तरह उत्तराखंड में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं उसको देखते हुए उत्तराखंड चयन आयोग का नाम बदलकर उत्तराखंड लीक चयन आयोग कर देना चाहिए। उत्तराखंड में युवाओं को नौकरी देने के नाम पर बड़ा घोटाला चल रहा है। लिहाजा उत्तराखंड में भर्ती घोटाले पेपर लीक मामले मैं सम्मिलित अधिकारियों और कर्मचारियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान मोहित बिष्ट,कुनाल सिंह, आदित्य राणा, रोहित नेगी, हिमांशु गंगवाल, सौरव, शाहबाज अंसारी, कुनाल,आयुष ओली, हिमांशु, पंकज राणा समेत अन्य छात्र शामिल थे l











