भारत रत्न पंत जी की 139वीं जयंती पर अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रसेवा को बताया अतुलनीय

नैनीताल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों में आयोजित स्मरणात्मक कार्यक्रमों के सफल आयोजन पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।अपने संदेश में गृह मंत्री शाह ने कहा कि विभिन्न राज्यों में पंत जी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम उनके राष्ट्रसेवा के योगदान के प्रति जनमानस की कृतज्ञता और सम्मान की अभिव्यक्ति हैं।उन्होंने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी, दूरदर्शी प्रशासक और महान राष्ट्रनिर्माता थे। उन्होंने स्वाधीनता आंदोलन में अग्रिम पंक्ति में रहकर संघर्ष करने के साथ-साथ स्वतंत्र भारत में सुशासन, सामाजिक सुधार और राष्ट्रीय अखंडता को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा देश के गृह मंत्री के रूप में उनके कार्यों ने प्रशासनिक एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान किया। शाह ने कहा कि हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में पंत जी का योगदान अतुलनीय रहा। गृह मंत्री और संविधान सभा के वरिष्ठ सदस्य के रूप में उन्होंने हिंदी को देश की संपर्क भाषा और सरकारी कामकाज की प्रमुख भाषा के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए उनकी प्रेरणादायी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आजादी का अमृत महोत्सव के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के त्याग और संघर्ष की गाथाओं को जन-जन तक पहुँचाया गया। गृह मंत्री ने कहा कि पंत जी जैसे महान राष्ट्रनायकों के जीवन और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुँचाना उनके आदर्शों को जीवंत रखने और युवाओं में राष्ट्रभक्ति को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने पंत जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों से जुड़े सभी आयोजकों और देशवासियों को बधाई दी।