फेसबुक पर जिस महिला से करता था प्यार की बातें, निकली पत्नी


नैनीताल। लड़कियों से सोशल मीडिया में प्यार की बात करना शादीशुदा युवक को भारी पड़ गया। पत्नी ने उसकी असलियत उजागर करने को फेसबुक पर फर्जी आईडी बना डाली, पति से प्यार की बातचीत करनी शुरू की। दोनों ने रात भर एक दूसरे से प्यार भरी बातें की। अगले दिन जब महिला ने इस बारे में पति को बताया तो दोनों में विवाद शुरू हो गया। दोनों एक दूसरे पर बेवफाई के आरोप मढ़ते रहे तो मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने इस मामले को महिला हेल्पलाइन भेज दिया।
मामला है रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र का, जहां युवती का काफी समय से रुड़की बंदा निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने करीब एक साल पहले निकाह कर लिया। विवाह के बाद महिला को पति के चरित्र पर शक होना शुरू हुआ। जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसका पति कई महिलाओं से बात करता है, जिस का पता लगाने के लिए महिला ने एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई।
महिला ने मायके आकर फर्जी फेसबुक आईडी से अपने पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जिसे पति ने स्वीकार की। दोनों बातें करने लगे। पत्नी ने पति से रात भर की दोनों ने प्यार मोहब्बत की बात की। अगले दिन जब महिला ने पति को इसके बारे में बताया तो विवाद हो गया। आरोप है कि पति को इस बारे में बताने पर उसकी पिटाई कर दी। महिला कोतवाली सिविल लाइंस पहुंची और पुलिस से शिकायत की। पूछताछ के लिए जब महिला के पति को कोतवाली बुलाया तो पति ने बताया कि उसकी पत्नी फेसबुक पर युवकों से बातचीत करती है। महिला ने पुलिस को फर्जी फेसबुक आईडी पर पति के मैसेज दिखाइए तो पुलिस भी दंग रह गए। महिला के अनुसार पति के चरित्र पर शक होने की वजह से उसने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अनजान लड़की बनकर बातचीत की, जिससे पति की असलियत का पता लग सके। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप तोमर ने बताया कि पति पर शक होने की वजह से महिला ने फर्जी आईडी बनाकर बातें की। पति भी पत्नी पर तमाम तरह के आरोप लगा रहा है मामला महिला हेल्पलाइन भेजा गया है।