ठेकेदार से वाहन किराया भुगतान कराये जाने हेतु अनुरोध कुमाऊं आयुक्त से किया

नैनीताल । ।मनीष कुमार, वाहन स्वामी, ज्योलिकोट जनपद नैनीताल के द्वारा एक लिखित शिकायती पत्र आयुक्त, कुमाऊं मण्डल, नैनीताल को दिया गया, जिसमें उनके द्वारा उल्लेख किया गया कि वह वाहन संख्याः यू०के० 04 टी०बी० 8828 के माध्यम से आर०बी०एस०के० (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) के अन्तर्गत भीमताल टीम 2 में सेवा दे रहे हैं, जिसको ठेकेदार द्वारा संचालित किया जाता है, जो श्रीमती शान्ति देवी मनराल, रामनगर के नाम पर है, जिसका कार्य उनके पति चन्दन मनराल के द्वारा देखा जाता है। ठेकेदार के द्वारा वाहन स्वामियों को विगत 3 माह का मासिक वाहन किराया नहीं दिया गया है।
मनीष कुमार द्वारा वाहन के मासिक किराये से वाहन की किश्त व परिवार का भरण-पोषण किया जाता है। वाहन किराये का नियमित भुगतान न होने से वह आर्थिक रूप से कमजोर हो गये है। उन्होंने शीघ्र ही ठेकेदार से वाहन किराया भुगतान कराये जाने हेतु अनुरोध कुमाऊं आयुक्त से किया ।
उक्त शिकायत का आयुक्त, कुमाऊं मण्डल, दीपक रावत के द्वारा संज्ञान लेते हुए गुरुवार 23 जुलाई 2026 को शिकायकर्ता मनीष कुमार एवं हरीश चन्द्र तिवारी वाहन स्वामी आर०बी०एस०के० (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) एवं ठेकेदार एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को कार्यालय में बुलाकर सुनवाई की गयी। जिसमें पाया गया कि उपरोक्त वाहन स्वामियों के द्वारा लॉक बुक एम०ओ०आई०सी० से सत्यापन कराने उपरान्त सम्बन्धित ठेकेदार को पूर्व में दिया गया था, किन्तु ठेकेदार द्वारा अभी तक वाहन स्वामियों को वाहन का मासिक किराया नहीं दिया गया है।
इस संबंध में आयुक्त कुमाऊं द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को निर्देशित किया कि जनपद अन्तर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सेवा दे रहे वाहन स्वामियों के मासिक किराये का भुगतान के संबंध में तत्काल समीक्षा करते हुए वाहन स्वामियों को मासिक किराया भुगतान करवाये जाने हेतु शीघ्र ही सम्बन्धित ठेकेदार से भुगतान करवायें और यदि ठेकेदार द्वारा इसका भुगतान नहीं किया जाता है, तो नियमानुसार ठेकेदार के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
इसके अतिरिक्त कुमाऊं आयुक्त ने मंडल के समस्त जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वह अपने-अपने जनपद अन्तर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यकक्रम के तहत सेवा दे रहे वाहन स्वामियों के वाहन के मासिक किराये के संबंध में तत्काल समीक्षा कर वाहन का मासिक किराया सम्बन्धित ठेकेदार से कराया जाना सुनिश्चित करें।












