अध्यापकों की कमी से जूझ रहा बालिका इंटर कॉलेज, छात्राओं ने उठाई आवाज छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में सांकेतिक प्रदर्शन, वर्षों से रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग

गरमपानी- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में लंबे समय से अध्यापकों के पद रिक्त होने से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी से परेशान कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने गुरुवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में एकत्र होकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावक संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्राओं ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों और सत्ता में बैठे जनप्रतिनिधियों तक अपनी आवाज पहुंचाते हुए कहा कि जब विद्यालय में शिक्षक ही नहीं होंगे तो बेटियों का भविष्य कैसे संवरेगा। छात्राओं ने सरकार और शिक्षा विभाग से रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की। विद्यालय के उपलब्ध पद विवरण के अनुसार इंटर स्तर पर प्रवक्ता के सभी 9 पद रिक्त हैं, जबकि स्नातक स्तर पर स्वीकृत 10 पदों में 5 पद रिक्त चल रहे हैं। कुछ विषयों की पढ़ाई अतिथि एवं पीटीआर शिक्षकों के सहारे संचालित की जा रही है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेखर दानी ने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर वह कई महीनों से शिक्षा विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। कई बार छात्राओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई गई, लेकिन शिक्षा विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने कहा कि जिन बेटियों को किताब-कॉपी लेकर विद्यालय में पढ़ना चाहिए, आज उन्हें अपने अधिकार के लिए आवाज उठानी पड़ रही है। छात्राओं का यह सांकेतिक प्रदर्शन सरकार और शिक्षा विभाग के लिए बड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। वर्षों से पद खाली रखना छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से रिक्त 14 पदों पर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की, ताकि विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था पटरी पर लौट सके।
इस दौरान पी टी ए अध्यक्ष जीवंती देवी, चम्पा बोहरा, सुरेश चन्द्र इत्यादि लोग मौजूद रहे।









