मुख्यमंत्री के 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण एजेंसियों को दिए आवश्यक निर्देश

नैनीताल । मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामीद्वारा प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त किये जाने के दिए गए निर्देशों के क्रम में एवं मुख्य सचिव व सचिव लोक निर्माण विभाग द्वारा गत दिवस आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनपद की सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लगातार हो रही वर्षा के कारण जनपद की कई सड़कों में गड्ढे हो गये हैं और आवागमन की दृष्टि से सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। शासन के निर्देश हैं कि वर्षा समाप्त होते ही युद्धस्तर पर अभियान चलाकर इन सड़कों को उनकी पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
*जिलाधिकारी द्वारा सड़क निर्माण एजेंसियों लोक निर्माण विभाग, lराष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंताओं एवं अधिशासी अभियंताओं निर्देश दिए हैं कि जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किये जाने हेतु तत्काल आगणन (Estimate) तैयार कर लिये जाएं।
इस कार्य हेतु टेंडर की कार्यवाही एवं सामग्री (गिट्टी, डामर आदि) एकत्रित करने का कार्य *15 सितंबर तक* प्रत्येक दशा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। समस्त खण्ड इस कार्य हेतु टेंडरिंग, प्लांट, मशीनरी, मैनपावर की व्यवस्था, बजटीय प्रावधान वर्तमान बारिश के दौरान ही कर लें।
उन्होंने कहा कि वर्षा समाप्त होते ही 15 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाए और 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाए।
जिलाधिकारी ने इन विभागों को निर्देश दिए हैं कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर उच्च स्तरीय गुणवत्ता के साथ किया जाना है। सड़कें आवागमन की दृष्टि से तकनीकी रूप से बिल्कुल दुरुस्त होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की स्पष्ट मंशा है कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कें सुचारू हों, इसलिए सभी अभियंता अपने-अपने डिवीजन में अभी से इसकी पूरी तैयारी कर लें ताकि मौसम अनुकूल होते ही कार्य शुरू किया जा सके।









