ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर-घर सर्वे एवं स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बढ़ाई गई निगरानी
नैनीताल, । ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है तथा लोगों को जल जनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
आज तक आशा कार्यकर्ताओं द्वारा कुल 1,142 घरों का सर्वे किया जा चुका है। इस दौरान लोगों को जल जनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। आवश्यकता के अनुसार 168 ओआरएस पैकेट भी वितरित किए गए।
वर्तमान में क्षेत्र में 43 मरीज चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 10 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों की लगातार निगरानी एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 10 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 468 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की जा रही है।
स्वास्थ्य शिविर: सड़ियाताल–01, बेलवाखान–02, ज्योलिकोट–03, मनौरा–01, छीड़ा/बीरभट्टी–01, भल्यूटी–01 एवं बल्दियाखान–01।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। घर-घर सर्वे, मरीजों की पहचान, जांच, स्वास्थ्य शिविरों तथा जल गुणवत्ता की निगरानी के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जो मरीज अस्पताल पर भर्ती है उनकी भी निगरानी की जा रही है ।
उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का सेवन करें, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा उल्टी-दस्त, बुखार, कमजोरी अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराएं।











