कूड़े के निस्तारण को लेकर संगोष्ठी आज
भीमताल। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत स्तर पर कूड़े के निस्तारण के लिए आगामी बुधवार आज 7 दिसम्बर को त्रिस्तरीय पंचायतों के क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से विशेष ग्राम सभा संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी असलम अली ने बताया कि उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड नैनीताल में योजित जनहित याचिका जितेन्द्र यादव बनाम उत्तराखण्ड राज्यादि में 24 नवम्बर, 2022 के आदेशो के अनुपालन में त्रिस्तरीय पंचायतों में ठोस अपशिष्ठ प्रबन्धन विशेषकर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन के निस्तारण की नीति बनाने के लिए जिले की संपूर्ण ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायत स्तर पर एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। जिसके अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायतों में उत्तराखण्ड प्लास्टिक और अन्य जीव अनाशित कूडा-कचरा अधिनियम, 2013 प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन नियम, 2018 तथा उत्तराखण्ड ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन नीति 2017 के वैधानिक प्राविधानों, स्थानीय प्राधिकारियों,पंचायतों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन के वैज्ञानिक निपटान की प्रक्रिया एवं तकनीक, स्वयं सहायता समूह अथवा एजेंसियों की स्पष्ट भूमिका के लिए उपनियम के माध्य से उपभोग शुल्क आरोपण एवं उल्लंघन की दशा में अर्थ दण्ड आरोपित करने, प्लास्टिक को खुले में न जलाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर जैविक एवं अजैविक अपशिष्ट के लिए पृथक-पृथक कूड़ेदान वितरण एवं कूड़े के संग्रहण स्थलों के लिए त्रिस्तरीय पंचायतों के अधिकारियों व कर्मचारियों की भागिदारी सुनिचित की जायेगी।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में जनजागरूकता अभियान के तहत वॉल पेन्टिग, साइन बोर्ड, सोशल मीडिया, नुक्कड नाटक एवं आम सभा का आयोजन व जन सहभागिता के माध्यम से गॉव में फैले हुए प्लास्टिक अपशिष्ट के एकत्रीकरण के लिए अभियान का आयोजन किया जाना है। इसके साथ ही जनपद में त्रिस्तरों पर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन के लिए गहन विचार-विमर्श व चर्चा के बाद इसके लिए वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के अनुरूप ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन व स्वच्छता की गतिविधियों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जानी है। साथ ही त्रिस्तरीय पंचायतों पर अव्यवस्थित पड़े प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन के लिए कूड़ा संग्रहण केन्द्र के सम्बन्ध में भूमि चयन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी है।










