व्यवसायियों को दैवीय आपदा राहत कोष से मुवावजा देने की मांग को लेकर अपर जिलाधिकारी को सौंपा व्यापार मंडल ने ज्ञापन

नैनीताल। व्यापार मंडल मल्लीताल ने अपर जिलाधिकारी शिवचरण द्ववेदी को ज्ञापन सौंपकर बीते दिन मल्लीताल बाजार में हुए अग्निकांड में खाक हुई दो दुकानों का दैवीय आपदा राहत कोष से मुवावजा देने की मांग की है।
सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी व महासचिव त्रिभुवन फर्त्याल की ओर से दिए गए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि बीती 12 फरवरी को हुए अग्निकांड में मोबाइल व बेकरी की दुकान चलाने वाले दो छोटे व्यवसायियों को करीब 10 व 6 लाख रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। उनकी समस्त सामग्री आग में स्वाहा हो गई है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर आग लगी वहा पर फायर हाइड्रेन्ट गलत पेयजल लाइनों में जुड़े होने के कारण समय पर आग में काबू पाने के लिए पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी इस कारण भी व्यवसायियों को आर्थिक क्षति उठाने के लिए विवश होना पड़ा है। साथ ही खड़ी बाजार स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं आवासीय परिसरों में आपात स्थिति में सुलभता से सम्बन्धित आपदा राहत संसाधन कुछ कारणों से उपलब्ध नहीं हो पाये। इस कारण अग्निशमन विभाग को आग को काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जिस पर व्यापार मंडल ने अपर जिलाधिकारी श्री द्विवेदी से इन समस्याओं के निराकरण के लिए भी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित करने की मांग की है।
इस दौरान अध्यक्ष किशन नेगी, महासचिव त्रिभुवन फर्त्याल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, उपाध्यक्ष रईस खान महिला उपाध्यक्ष भारती कैड़ा
परीक्षित साह सिद्धार्थ छेत्री मौजूद रहे।











