अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर में डीएसबी परिसर के कैडेटों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन, दो स्वर्ण, एक रजत एवं एक कांस्य पदक पर कब्जा

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर, नैनीताल के एनसीसी नौसेना विंग के कैडेटों ने महाराष्ट्र के लोनावला स्थित आईएनएस शिवाजी में आयोजित अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत एवं एक कांस्य पदक अर्जित कर विश्वविद्यालय तथा उत्तराखण्ड निदेशालय का गौरव बढ़ाया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिविर में देशभर के विभिन्न एनसीसी निदेशालयों से चयनित 612 कैडेटों ने प्रतिभाग किया, जहाँ कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच डीएसबी परिसर के कैडेटों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
एनसीसी अधिकारी प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में कैडेट प्रियांशु आर्य (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने सीमैनशिप प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, कैडेट आरोही चौधरी (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने सर्विस सब्जेक्ट परीक्षा में स्वर्ण पदक, कैडेट मानवी सनवाल (बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर) ने सर्विस सब्जेक्ट परीक्षा में रजत पदक तथा कैडेट गौरव जनोटी (आईटीईपी चतुर्थ सेमेस्टर) ने क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में कांस्य पदक अर्जित किया।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कैडेटों ने सर्विस सब्जेक्ट परीक्षा, सीमैनशिप प्रायोगिक, बोट पुलिंग, बोट रिगिंग, फायरिंग, ड्रिल, सेमाफोर, शिप मॉडलिंग तथा हेल्थ एंड हाइज़ीन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त उन्हें देश के विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेटों के साथ संवाद स्थापित करने, उनकी संस्कृति एवं परंपराओं को जानने तथा राष्ट्रीय एकता, नेतृत्व और अनुशासन के अनुभव साझा करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
शिविर के दौरान कैडेटों ने महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स, वाईएसएम, एसएम, वीएसएम, आईएनएस शिवाजी के कमांडिंग ऑफिसर कमोडोर एस. पार्थिबन, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेन्द्र सिंह यादव तथा महाराष्ट्र एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल विवेक त्यागी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत, 05 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कमांडर राकेश रावत, डीएसबी परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. संजय पंत, कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, कुलसचिव डॉ. एम.एस. मंद्रवाल, चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद, इंस्ट्रक्टर सनी, सतीश एवं अनूप कुमार तथा समस्त एनसीसी कैडेटों ने पदक विजेता कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि यह सफलता न केवल डीएसबी परिसर और कुमाऊँ विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड एनसीसी निदेशालय के लिए गौरव का विषय है तथा इससे अन्य कैडेटों को भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।