फ्लैट्स मैदान में महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को शौचालय-पेयजल तक से वंचित करने पर नगर पालिका सख्त, NTG-DSA को अंतिम चेतावनी ऐतिहासिक डीएसए मैदान में महिलाओं को मूलभूत सुविधा न देने पर पालिका नाराज
नैनीताल। नगर के ऐतिहासिक फ् खेल मैदान में महिलाओं के। लिए शौचालय नहीं होने से पालिका ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और फ्लैट समिति अध्यक्ष की ओर से एंटीजी और डीएसए को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों द्वारा हस्ताक्षरित एक शिकायती पत्र पालिका को प्राप्त हुआ है। जिसमें फ्लैट्स मैदान में प्रतिदिन प्रैक्टिस करने वाली खिलाड़ियों के लिए पवेलियन में कमरे किट चेंज करने के लिए नहीं खोले जा रहे हैं, शौचालय बंद रखे जा रहे हैं और पालिका द्वारा लगाए गए पेयजल फिल्टर की सुविधा से भी खिलाड़ियों को वंचित रखा जा रहा है। पालिका ने पत्र में कहा है कि खेल मैदान नजूल भूमि है, जो देश की स्वतंत्रता से पूर्व ही तत्कालीन गवर्नर द्वारा नगर पालिका परिषद नैनीताल को विधिवत आवंटित की गई थी और तब से पालिका ही इसकी कस्टोडियन है। इसकी लीज 1960 के दशक में ही समाप्त हो चुकी है। वर्तमान में उक्त संस्था को केवल शहर की प्रतिष्ठित खेल संस्थाओं जैसे अखिल भारतीय रामपुर हॉकी कप, फुटबॉल कप, क्रिकेट प्रतियोगिता आदि के आयोजन और खेलों के समावेशी विकास हेतु अस्थाई तौर पर आपसी समन्वय के आधार पर संचालन की छूट दी गई है।
पालिका का आरोप है कि विगत कुछ महीनों में एनजीटी और डीएसए का व्यवहार अन्य प्रतिष्ठित खेल आयोजकों और खिलाड़ियों के प्रति बेहद निराशाजनक और खेदपूर्ण रहा है। स्टेडियम भवन के उपयोग से वंचित रखना न केवल खेल भावना का उल्लंघन है बल्कि पालिका की मंशा के भी विपरीत है।












