इंस्प्रेशन स्कूल हल्द्वानी में विशेष एचपीवी टीकाकरण सत्र, 30 छात्राओं का हुआ टीकाकरण

हल्द्वानी, । मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर इंस्प्रेशन स्कूल, हल्द्वानी में विशेष एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ के साथ छात्राओं के अभिभावकों ने भी उपस्थित होकर एचपीवी टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
विशेष टीकाकरण सत्र के दौरान 30 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीति आर्या एवं अर्बन सिटी हेल्थ ऑफिसर राघवेंद्र रावत द्वारा छात्राओं एवं अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, टीके की उपयोगिता एवं इसके लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम नीमा नेगी, बबीता द्वारा बच्चों का टीकाकरण किया गया ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण हमारी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जनपद के सभी पब्लिक स्कूलों के प्रबंधन एवं अभिभावकों से अपील की कि वे एचपीवी टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या संकोच में न रहें और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि “हमारी बेटियां हमारे समाज का भविष्य हैं। उन्हें एचपीवी जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का अवसर देना केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विद्यालय, अभिभावक और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी पब्लिक स्कूल आगे आएं और अपने विद्यालय की पात्र छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालयों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर जागरूकता एवं टीकाकरण दोनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्राएं इस सुरक्षा कवच का लाभ उठा सकें।
………………………………………………….
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जनपद नैनीताल











