डीएसबी परिसर में चुनावी आमसभा संपन्न


नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्र संघ चुनाव 2026-27 को लेकर सरगर्मियां चरम पर हैं। सोमवार को परिसर में चुनावी आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न पदों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से रैली निकालते हुए परिसर पहुंचे। सभा में प्रत्याशियों ने मंच से छात्र-छात्राओं के समक्ष अपने मुद्दे और वादे रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। काले झंडे से निर्दलीय अध्यक्ष प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता परिसर के पुस्तकालय में किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वह 2021 से इन्हीं मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं और इस बार मुद्दों के साथ वादों को भी पूरा करेंगे। पूर्व छात्र नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि छात्र संघ की छवि को धूमिल किया गया है, वह इसकी गरिमा को पुनः स्थापित करेंगे।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी शुभम कुमार ने कहा कि वह नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक छात्र के रूप में कार्य करेंगे और छात्र हितों को सर्वोपरि रखेंगे। वहीं नीले झंडे से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हिमांशु आर्या ने कहा कि वह सामान्य परिवारों से आने वाले छात्रों की समस्याओं के लिए चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी संगठन से नहीं, बल्कि छात्रों के संघर्ष से जुड़कर आए हैं।सचिव पद के प्रत्याशी कमल कार्की ने कहा कि तीन वर्षों की मेहनत के बाद वह निर्विरोध सचिव बनने जा रहे हैं और सदैव छात्र हितों के लिए कार्य करेंगे। छात्रा उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी कुमकुम जोशी ने कहा कि परिसर में सुविधाएं तो हैं, लेकिन उनकी देखरेख नहीं हुई, वह इस दिशा में कार्य करेंगी।इस दौरान उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक रैकुनी, संयुक्त सचिव पद की प्रत्याशी अनुष्का पुरी, गौरी, कोषाध्यक्ष पद की प्रत्याशी सृष्टि रावत, विदुषी वर्मा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि तनमय भंडारी, सांस्कृतिक सचिव हर्षित जोशी, संकाय प्रतिनिधि संध्या कापड़ी, अनिल कुमार, दिव्यांशी कौशल आदि ने अपनी बात रखी। इस दौरान परिसर प्रशासन की ओर से चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या, प्रो. शशि पांडे, प्रो. दीपक कुमार आर्या, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. शिवांगी चन्याल तथा पुलिस प्रशासन की ओर से सीओ अंजना वर्मा नेगी, एसओ मल्लीताल राजेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।