नैनीताल में फास्ट टैग से प्रवेश शुल्क वसूली का ट्रायल शुरू

नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा शहर की प्रवेश शुल्क व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाने की दिशा में लेकब्रिज प्रवेश द्वार पर फास्ट टैग के माध्यम से प्रवेश शुल्क वसूली का ट्रायल रन प्रारम्भ कर दिया गया है।एन पी सी आई से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आज से लेकब्रिज पर आधारित प्रवेश शुल्क संग्रहण प्रणाली का ट्रायल प्रारम्भ किया गया है।प्रारंभिक तौर पर प्रणाली को कुछ दिनों तक ट्रायल के रूप में संचालित किया जाएगा। इस दौरान वाहन पहचान, रीडिंग, शुल्क कटौती, लेन-देन की प्रक्रिया तथा मौके पर आने वाली अन्य परिचालन संबंधी समस्याओं का परीक्षण किया जाएगा। ट्रायल के दौरान सामने आने वाली तकनीकी एवं परिचालन समस्याओं का समाधान करने के बाद व्यवस्था को पूर्ण रूप से लागू करते हुए फास्ट टैग आधारित प्रवेश शुल्क संग्रहण प्रारम्भ कर दिया जाएगा।नगर पालिका परिषद नैनीताल के टोल ऑपरेटर एम जी इंफ्रा सोल्यूशन के प्रबंधक राघव ने बताया कि नैनीताल उत्तराखंड राज्य का पहला स्थानीय निकाय है, जहां प्रवेश शुल्क/टोल संग्रहण को फास्ट टैग के माध्यम से संचालित करने की शुरुआत की गई है।फास्ट टैग आधारित व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू होने के बाद वाहन चालकों को प्रवेश शुल्क भुगतान के लिए नकद लेन-देन की आवश्यकता कम होगी तथा प्रवेश द्वारों पर वाहनों की आवाजाही को अधिक तेज, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही डिजिटल माध्यम से शुल्क संग्रहण होने के कारण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन भी सुनिश्चित हो सकेगा।नगर पालिका परिषद नैनीताल के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसके माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग कर शहर की प्रवेश शुल्क व्यवस्था को डिजिटल एवं अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत की गई है।










