कुलपति प्रो० रावत ने किया प्रशासनिक भवन में विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण दिए सुधार के निर्देश

नैनीताल l कुलपति प्रो० दीवान सिंह रावत ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को कार्य-प्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए गए साथ ही समय पर कार्यालय आने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना और विश्वविद्यालय की बेहतरी व गुणवत्ता के लिए काम करने कहा। कुलपति प्रो० रावत सुबह सीधे प्रशासनिक भवन के फर्स्ट फ्लोर स्थित ई०आर०पी सेल, मान्यता अनुभाग एवं परीक्षा अनुभाग में गए और वहां रखी फाइलों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद ग्राउंड फ्लोर स्थित वित्त अनुभाग, गोपनीय अनुभाग में पहुंचे और उपस्थिति रजिस्ट्रर व अन्य रिकार्ड की जांच पड़ताल की। अनुभागों में फाइलों के ढेर को देखकर कर्मचारियों को कार्य अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पटल प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यों को तय समय पर करने को कहा और इस मामले में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों की जवाबदेही तय की। कुलपति प्रो० रावत ने निरिक्षण के दौरान अनुभागों में कुछ कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर कुलसचिव एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित हों। इस अवसर पर उनके साथ कुलसचिव दिनेश चंद्रा, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ० अशोक कुमार, उप कुलसचिव श्री दुर्गेश डिमरी, निजी सचिव कुलपति श्री एल०डी० उपाध्याय और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।












